मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल निर्वाचन पैनल का गठन किया, 20 निर्वाचन अधिकारी शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-09-2026
Ministry constitutes National Sports Election Panel; includes 20 returning officers.
Ministry constitutes National Sports Election Panel; includes 20 returning officers.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
खेल मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को 20 सदस्यीय राष्ट्रीय खेल निर्वाचन पैनल (एनएसईपी) का गठन किया जिसमें भारत के दो पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त भी शामिल हैं। यह पैनल राष्ट्रीय खेल महासंघों में चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
 
इस पैनल का गठन संसद द्वारा 2025 में पारित राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम के तहत अनिवार्य किया गया था।
 
मंत्रालय की राजपत्र अधिसूचना में कहा गया, ‘‘राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम, 2025 की धारा 16 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए और राष्ट्रीय खेल प्रशासन (कठिनाइयों का निवारण) आदेश, 2026 के साथ पठित करते हुए केंद्र सरकार राष्ट्रीय खेल निकायों के स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के संचालन की निगरानी के लिए निर्वाचन अधिकारियों के रूप में कार्य करने के उद्देश्य से उक्त अधिनियम की धारा 16 के तहत राष्ट्रीय खेल निर्वाचन पैनल के सदस्यों को अधिसूचित करती है।’’
 
पैनल में शामिल पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्तों में अचल कुमार ज्योति और सुनील अरोड़ा हैं। ज्योति का एक वर्ष का कार्यकाल 2018 में समाप्त हुआ था जबकि अरोड़ा ने 2018 से 2021 तक लंबा कार्यकाल पूरा किया था।
 
पूर्व निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय भी पैनल के वरिष्ठ सदस्यों में शामिल हैं। पैनल में भारत के तीन पूर्व उप निर्वाचन आयुक्त संदीप सक्सेना, सुधीर त्रिपाठी और उमेश सिन्हा भी हैं।
 
इस साल जिन प्रमुख खेल संस्थाओं के चुनाव होने हैं उनमें भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) सहित अन्य शामिल हैं।