Lalremsiami became the first athlete from Mizoram to receive the Arjuna Award.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी और ओलंपियन लालरेमसियामी हमार शुक्रवार को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाली मिजोरम की पहली खिलाड़ी बन गईं।
छब्बीस वर्षीय लालरेमसियामी उन 17 खिलाड़ियों में शामिल थीं जिन्हें खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए चुना था। शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें औपचारिक रूप से यह सम्मान प्रदान किया।
मिजोरम के उत्तरी हिस्से में असम की सीमा से सटे कोलासिब जिले की रहने वाली लालरेमसियामी ने कम उम्र में ही हॉकी खेलना शुरू कर दिया था।
वर्ष 2011 में 11 साल की उम्र में उन्होंने थेनजॉल स्थित राज्य सरकार की हॉकी अकादमी में दाखिला लिया। इसके बाद 2016 में वह नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय हॉकी अकादमी में शामिल हो गईं।
लालरेमसियामी ने अक्टूबर 2011 में जूनियर नेहरू हॉकी टूर्नामेंट से राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया। बाद में 2016 में एशिया कप के लिए उनका चयन भारत की अंडर-18 टीम में हुआ।
उन्हें 2017 में पहली बार भारतीय सीनियर राष्ट्रीय हॉकी टीम में जगह मिली। उसी वर्ष वह एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं।
इसके बाद से उन्होंने भारतीय टीम की एक अहम खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बनाई और कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया। इनमें तोक्यो ओलंपिक 2020 भी शामिल है जहां भारतीय महिला हॉकी टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था।