आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इटली ने प्लेऑफ के पहले मैच में उतरी आयरलैंड को 2-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा।
चार बार के चैंपियन इटली को अब विश्व कप के लिए लगातार तीसरी बार क्वालीफाई करने से चूकने से बचने के लिए एक और मैच जीतना होगा।
बर्गमो में खेले गए इस मैच में इटली की तरफ से सैंड्रो टोनाली ने दूसरे हाफ की शुरुआत में हाफ-वॉली शॉट से पहला गोल करके गतिरोध तोड़ा और फिर मोइसे कीन ने एक और गोल करके उसकी जीत सुनिश्चित की।
बोस्निया और हर्जेगोविना, स्वीडन, पोलैंड, तुर्किए, कोसोवो, डेनमार्क और चेक गणराज्य भी मंगलवार को होने वाले प्लेऑफ फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहे।
इटली को अब बोस्निया और हर्जेगोविना का दौरा करना होगा, जहां उसे अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले विश्व कप में अपनी जगह पक्की करने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
बोस्निया ने वेल्स को और चेक गणराज्य ने पेनल्टी शूटआउट में आयरलैंड को हराया। प्लेऑफ के फाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य का सामना डेनमार्क से, स्वीडन का पोलैंड से और तुर्किए का कोसोवो से होगा।
विक्टर ग्योकेरेस ने हैट्रिक लगाकर स्वीडन को यूक्रेन के खिलाफ 3-1 से जीत दिलाई, जबकि उन्होंने 2024 के बाद से अपने देश के लिए कोई गोल नहीं किया था।
यह मैच स्पेन में खेला गया क्योंकि यूक्रेन ने 2022 में रूस के हमले के बाद से अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी नहीं की है।
पोलैंड ने अल्बानिया को 2-1 से हराया जिसमें 37 वर्षीय रॉबर्ट लेंवाडोवस्की का हेडर से किया गया गोल भी शामिल है।