Indian teams are busy finalizing their preparations for the Hockey World Cup.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले एफआईएच विश्व कप में अब एक महीने से भी कम समय रह गया है लिहाजा भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीमें यहां भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र पर चल रहे राष्ट्रीय शिविर में तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं ।
बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त के बीच टूर्नामेंट खेला जायेगा और पहली बार महिला और पुरूष विश्व कप एक साथ, एक जगह पर होगा ।
भारतीय पुरूष टीम ने एफआईएच प्रो लीग के नीदरलैंड और लंदन चरण में अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें उसने विश्व चैम्पियन जर्मनी और पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीदरलैंड के अलावा चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया ।
पुरूष टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा,‘‘ प्रो लीग के बाद ब्रेक लेकर खिलाड़ी तरोताजा होकर शिविर में आये हैं और वह ऊर्जा दिख रही है । तैयारी बहुत अच्छी चल रही है । पहले कुछ दिन खुद को ढालने में लगे और अब धीरे धीरे तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ।’’
अब तक सिर्फ एक बार 1975 में विश्व कप जीत सकी भारतीय पुरूष टीम को पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है । भारत को वेल्स के खिलाफ 15 अगस्त को खेलना है जबकि इंग्लैंड से 17 अगस्त और पाकिस्तान से 19 अगस्त को सामना होगा ।