आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आयुष शेट्टी के हाल में शानदार प्रदर्शन तथा अनुभवी खिलाड़ियों के दम पर भारतीय पुरुष टीम शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले बीडब्ल्यूएफ थॉमस कप फाइनल्स में फिर से खिताब जीतने के लिए कोर्ट पर उतरेगी, जबकि उबर कप में महिला टीम अपनी क्षमता से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
भारत थामस कप में शुक्रवार को कनाडा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद वह सोमवार (27 अप्रैल) को ऑस्ट्रेलिया और बुधवार (29 अप्रैल) को चीन के खिलाफ खेलेगा।
भारत ने चार साल पहले थॉमस कप का खिताब अपने नाम करके अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की थी। थामस कप को बैडमिंटन की विश्व टीम चैंपियनशिप माना जाता है।
किदाम्बी श्रीकांत और एचएस प्रणय की अगुवाई में भारत ने डेनमार्क, मलेशिया और इंडोनेशिया को हराकर भारतीय बैडमिंटन इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा था। श्रीकांत तब अजेय रहे थे जबकि प्रणय तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भी अहम भूमिका निभाई थी।
इसके दो साल बाद भारत क्वार्टर फाइनल में चीन से हार के कारण खिताब का बचाव नहीं कर पाया था।
अब बात करते हैं 2026 की। भारत की मुख्य टीम वही है लेकिन अब उसमें आयुष जैसे उभरते सितारे का जोश भी शामिल है।