भारतीय तेज गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 185 रन पर ढेर किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-11-2026
Indian fast bowlers bundle out New Zealand for 185 runs
Indian fast bowlers bundle out New Zealand for 185 runs

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने अनुकूल परिस्थितियों में मिलकर नौ विकेट लिए जिससे भारत ने बुधवार को यहां न्यूजीलैंड को पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 185 रन पर ढेर कर दिया।
 
न्यूजीलैंड की टीम अपने पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 40.2 ओवर में सिमट गई।
 
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कार्यभार प्रबंधन और चोट के कारण नहीं खेलने के बावजूद भारत के कम अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
 
भारतीय तेज गेंदबाजों ने बादल छाए रहने और पिच से मिल रहे मूवमेंट का पूरा फायदा उठाया। अर्शदीप महंगे साबित हुए लेकिन वह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 70 रन देकर चार विकेट लिए। गुरनूर (44 रन देकर तीन) और कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने उनका अच्छा साथ दिया।
 
न्यूजीलैंड की तरफ से टिम सीफर्ट ने सर्वाधिक 38 रन बनाए जबकि 11वें नंबर के बल्लेबाज ब्लेयर टिकनर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए चार छक्कों की मदद से 34 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन का योगदान दिया।