ऑकलैंड:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे फॉर्मेट में वापसी पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर है।
भारत की निगाहें 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों पर भी टिकी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज टीम इंडिया के लिए अपनी रणनीति परखने और खिलाड़ियों को आजमाने का अहम मौका है।
टॉस के बाद शुभमन गिल ने कहा कि आसमान में बादल छाए हुए हैं। ऐसे में पहले गेंदबाजी करना बेहतर विकल्प लगा। उन्होंने कहा कि टीम सीरीज के लिए उत्साहित और तैयार है। यहां की परिस्थितियां दक्षिण अफ्रीका में मिलने वाली परिस्थितियों से काफी मिलती-जुलती हो सकती हैं।
गिल ने बताया कि भारत ने तेज गेंदबाजी के लिए अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने बताया कि डेवोन कॉनवे अच्छा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आराम दिया जा रहा है। उनकी जगह टिम साइफर्ट को मौका मिला है। सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम में भी चार तेज गेंदबाज शामिल हैं।
न्यूजीलैंड की धरती पर भारत का पिछला वनडे रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है। भारत ने वहां आखिरी वनडे जीत फरवरी 2019 में दर्ज की थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच न्यूजीलैंड में खेली गई दो वनडे सीरीज में भारत को हार का सामना करना पड़ा। एक सीरीज में भारत 0-3 से हारा, जबकि दूसरी सीरीज में 0-1 से शिकस्त मिली। दूसरी सीरीज के दौरान दो मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने के बाद से भी भारतीय टीम वनडे क्रिकेट में निरंतरता हासिल करने के लिए संघर्ष करती रही है। इस अवधि में भारत ने छह वनडे सीरीज खेलीं, जिनमें तीन में जीत और तीन में हार मिली। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ भारत को सीरीज गंवानी पड़ी।
दोनों टीमों के बीच पिछली वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड ने भारत को 2-1 से हराया था। ऐसे में भारतीय टीम इस बार पिछली हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान पर उतरी है।
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड: टिम साइफर्ट, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर।