भारतीय खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों के लिए शुरू किया ‘चेक-इन’, कुछ को करना पड़ा परेशानी का सामना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
Indian athletes begin check-in for Asian Games, some face difficulties
Indian athletes begin check-in for Asian Games, some face difficulties

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 एशियाई खेलों के लिए भारत के वुशु और टेबल टेनिस खिलाड़ियों के साथ कुछ बैडमिंटन खिलाड़ी बुधवार को नागोया पहुंचने वाले शुरुआती भारतीय एथलीटों में शामिल रहे जहां खिलाड़ियों के ठहरने और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह सुगम नहीं रही।
 
सात खिलाड़ियों और दो कोचों वाला भारतीय वुशु दल बुधवार दोपहर नागोया पहुंचा। बताया गया कि पंजीकरण के दौरान एक खिलाड़ी और दो कोचों के नाम आवंटित कमरों की सूची में नहीं मिले।
 
दल के एक सदस्य ने आयोजन स्थल पर पहुंचने के करीब दो घंटे बाद पीटीआई को बताया, ‘‘छह वुशु खिलाड़ियों को नागोया बंदरगाह पर खड़े क्रूज जहाज में कमरे मिल गए। लेकिन एक खिलाड़ी और दो कोचों के नाम वहां नहीं थे।’’
 
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के एक अधिकारी ने कहा कि सभी खिलाड़ियों को इटली के क्रूज जहाज में कमरे मिल गये है।
 
वुशू और टेबल टेनिस के खिलाड़ी उन भारतीय एथलीटों में शामिल हैं, जिन्हें खेलों के दौरान क्रूज जहाज पर ठहरना है। खेलों का आगाज शनिवार से होगा जबकि वुशू और टेबल टेनिस की स्पर्धाएं रविवार से शुरू हो रही हैं। यही वजह है कि इन दोनों खेलों के खिलाड़ी यहां पहुंचने वाले शुरुआती दलों में शामिल रहे।
 
टेबल टेनिस दल को भी शाम को क्रूज जहाज पर चेक-इन करने से पहले लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। दल के एक सदस्य ने कहा, ‘‘क्रूज पर पहुंचने के बाद प्रक्रिया काफी लंबी है लेकिन अब चीजें व्यवस्थित हो गई हैं।’’