भारत ने जायसवाल का विकेट गंवाकर लंच तक एक विकेट पर 96 रन बनाए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-06-2026
India lost Jaiswal's wicket and reached 96 for one at lunch.
India lost Jaiswal's wicket and reached 96 for one at lunch.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके जिससे भारत ने शनिवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन सतर्क शुरुआत करते हुए लंच तक एक विकेट पर 96 रन बनाए।
 
अनुभवी लोकेश राहुल (70 गेंद में नाबाद 37 रन) भाग्यशाली रहे कि उन्होंने अपना विकेट नहीं गंवाया। टीवी रीप्ले में साफ दिखा कि गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर अफसर जजाई के हाथों में गई लेकिन गेंदबाजी टीम ने अपील नहीं की।
 
लंच के समय साई सुदर्शन (49 गेंद में पर नाबाद 32 रन) राहुल का साथ निभा रहे थे। दोनों ने 79 गेंद में 55 रन जोड़कर मेजबान टीम के पक्ष में लय बनाए रखी।
 
राहुल ने सपाट लग रही पिच पर शानदार शॉट खेले। उन्होंने अफगानिस्तान के प्रभावी गेंदबाजी आक्रमण के सामने मजबूत डिफेंस का नजारा भी पेश किया।
 
सुदर्शन ने भी कुछ बेहतरीन शॉट जिसमें गेंदबाज के बगल से लगाया गया एक शानदार सीधा ड्राइव भी शामिल था। उन्हें भी शुरुआत में जीवनदान मिला जब पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर नांगेयालिया खरोटे की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज ने पहली स्लिप में उनका कैच टपका दिया।
 
हालांकि जायसवाल को मलाल रहेगा कि वह अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और साधारण शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे।
 
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम की गेंद थोड़ी अधिक उछली और जायसवाल ने उसे अपने कूल्हे के पास से फाइन लेग की तरफ मोड़ने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले को हल्का सा छूकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई।
 
उससे पिछले ओवर में राहुल भाग्यशाली रहे जब जियाउर रहमान की गेंद पर विकेटकीपर जजाई ने अपील नहीं की। रीप्ले में दिखा कि राहुल के बल्ले का किनारा लगा था लेकिन विकेटकीपर के अपील नहीं करने के कारण वह बच गए। जियाउर तीनों तेज गेंदबाजों में सबसे असरदार लग रहे थे।
 
जायसवाल ने आउट होने से पहले कुछ अच्छे शॉट खेले और ऑन ड्राइव, स्ट्रेट ड्राइव और मिडविकेट की तरफ चौके जड़े।