खिलाड़ियों के चयन या बाहर करने में मेरी भूमिका नहीं: बाबर आजम

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 09-11-2026
I have no role in the selection or exclusion of players: Babar Azam
I have no role in the selection or exclusion of players: Babar Azam

 

रावलपिंडी

पाकिस्तान की टेस्ट टीम के कप्तान बाबर आजम ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले टीम चयन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि टीम में किस खिलाड़ी को शामिल करना है और किसे बाहर रखना है, इसका अंतिम फैसला उनके हाथ में नहीं होता। चयनकर्ता और कोच इस संबंध में निर्णय लेते हैं, जबकि उनकी जिम्मेदारी चुने गए खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना है।

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 की अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर मौजूद पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मुकाबला 9 नवंबर को रावलपिंडी में शुरू होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 17 नवंबर से लाहौर में खेला जाएगा।

सीरीज के पहले मुकाबले से पूर्व बाबर आजम ने कहा कि वह टीम चयन को लेकर अपनी राय जरूर देते हैं, लेकिन अंतिम फैसला चयनकर्ताओं और कोचों का होता है।

उन्होंने कहा, "मुझे जो 15 खिलाड़ी दिए गए हैं, उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना मेरी जिम्मेदारी है। खिलाड़ियों का चयन करना या उन्हें टीम से बाहर करना मेरे हाथ में नहीं है। चयनकर्ताओं और कोचों ने हमें एक टीम दी है और मेरा काम उन्हें मुकाबला करने के लिए तैयार करना तथा मैच जिताने वाला प्रदर्शन करवाना है। मैं सार्वजनिक रूप से यह नहीं बता सकता कि मेरी भूमिका वास्तव में किन चीजों तक सीमित है और किन मामलों में मेरी भूमिका नहीं है। हालांकि, टीम के भीतर अपनी जिम्मेदारियों को लेकर मैं हमेशा खुलकर बात करता हूं। मैं अपनी राय देता हूं और उसके बाद चयनकर्ता तथा कोच अपना काम करते हैं।"

बाबर का यह बयान श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में आखिरी समय में किए गए बदलावों के बाद आया है। पहले टेस्ट से 48 घंटे से भी कम समय पहले अब्दुल्ला फजल और अली उस्मान को टीम से बाहर कर दिया गया, जबकि चार नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया। इनमें से तीन खिलाड़ियों ने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है।

पिछले दो टेस्ट मुकाबलों में यह दूसरी बार है, जब पाकिस्तान ने टीम की घोषणा के बाद उसमें बड़े बदलाव किए हैं। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पूर्व पाकिस्तान ने सात खिलाड़ियों को टीम से वापस भेज दिया था और उनकी जगह सात नए खिलाड़ियों को शामिल किया था। उस दौरान मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच को भी उनके पदों से हटा दिया गया था।

टीम के संयोजन पर बात करते हुए बाबर ने कहा कि पाकिस्तान युवा खिलाड़ियों को मौके देने के साथ अनुभवी और नए खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा, "हमारी टीम काफी युवा है। हमने वरिष्ठ और युवा खिलाड़ियों का बेहतर संयोजन तैयार करने की कोशिश की है। हम युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अच्छा प्रदर्शन करने का अवसर देंगे, ताकि वे टीम को अगले स्तर तक ले जाने में मदद कर सकें।"

खराब फॉर्म पर भी रखी अपनी बात

बाबर आजम ने अपने हालिया खराब प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह अपनी बल्लेबाजी में सुधार के लिए कोचों के साथ लगातार काम कर रहे हैं और उन्हें नहीं लगता कि क्रिकेट से ब्रेक लेने से उनकी समस्या का समाधान होगा।

उन्होंने कहा, "मैं कोचों के साथ इस बात पर चर्चा कर रहा हूं कि अपने खेल में कहां सुधार कर सकता हूं। हम इस पर बातचीत कर रहे हैं और काम भी कर रहे हैं। मैं सकारात्मक सोच रखता हूं। एक वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर आप हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं। लोगों की अलग-अलग राय हो सकती है, लेकिन अगर मैं ब्रेक ले लूं तो अपने खेल में सुधार कैसे करूंगा?"

बाबर ने आगे कहा, "मैं लगातार अपने खेल को बेहतर बनाने की कोशिश करता हूं। जब आप अच्छा प्रदर्शन नहीं करते तो आपको अपनी गलतियों का पता चलता है। कोई भी खिलाड़ी पूरी तरह परिपूर्ण नहीं हो सकता। आप सिर्फ लगातार सुधार करने की कोशिश कर सकते हैं। मेरा मानना है कि जितना अधिक खेलूंगा, उतना बेहतर होता जाऊंगा। हर दिन आप एक ही गलती नहीं करते, कभी अलग-अलग गलतियां भी होती हैं। मैं अभ्यास और मैदान पर कड़ी मेहनत करता हूं। मुझे विश्वास रखना होगा कि इसका परिणाम जरूर मिलेगा।"