गुकेश जीत के साथ ब्लिट्ज वर्ग में पांचवें स्थान पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-05-2026
Gukesh wins to finish fifth in the Blitz category
Gukesh wins to finish fifth in the Blitz category

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
विश्व चैंपियन डी गुकेश ने ब्लिट्ज वर्ग में खराब शुरुआत के बाद वापसी करते हुए सुपर रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट के नौंवे दौर में पोलैंड के जान क्रिस्तोफ डुडा पर शानदार जीत दर्ज की।
 
गुकेश ने रैपिड वर्ग में 18 में से नौ अंक जुटाए। उन्होंने शुरुआती नौ ब्लिट्ज दौर से चार और अंक हासिल किए जिससे टूर्नामेंट के आधे चरण में उनके 27 में से 13 अंक हो गए हैं।
 
अमेरिका के हैंस मोके नीमन पहले दिन के खराब प्रदर्शन के बावजूद तालिका में शीर्ष पर बरकरार हैं। नीमन 16.5 अंक से हमवतन वेस्ली सो से आधा अंक आगे हैं। वहीं अमेरिका के तीसरे खिलाड़ी फैबियानो कारुआना स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव के साथ 15-15 अंक लेकर तीसरे स्थान पर हैं जबकि गुकेश दो अंक पीछे अगले स्थान पर हैं।
 
फ्रांस के फिरोजा अलीरेजा और मैक्सिम वाचियर लाग्रेव 12.5 अंक लेकर डुडा के साथ छठे स्थान पर हैं जबकि विश्व चैंपियनशिप चैलेंजर उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंडारोव 12 अंक से नौवें स्थान पर हैं। पोलैंड के राडोस्लाव वोज्तासक ने 10 अंक के साथ अंतिम स्थान पर हैं।
 
गुकेश ने टूर्नामेंट के तीसरे दिन की शुरुआत वोज्तासक और अलीरेजा के खिलाफ दो हार के साथ की। इसके बाद वह कारुआना और सिंडारोव के खिलाफ भी दो बाजियां हार गए।
 
गुकेश के लिए सबसे खास बात टूर्नामेंट में शीर्ष पर बने हुए नीमन पर शानदार जीत थी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने डुडा के खिलाफ शानदार जीत के साथ दिन का अंत किया।
 
अभी ब्लिट्ज के नौ और दौर बाकी हैं। जिससे टूर्नामेंट का अंत रोमांचक होने वाला है।