पटना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को प्रदेश के उभरते हुए पैरा एथलीट शैलेश कुमार को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन और स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने शैलेश को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए ₹75 लाख का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने संदेश में कहा,“बिहार के जमुई जिले के बेटे शैलेश कुमार को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के लिए हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि बिहार में खेल जगत में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं और हमारे खिलाड़ी वैश्विक मंच पर अपना परचम लहरा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि शैलेश को खेल पुरस्कार योजना के तहत नकद राशि के साथ-साथ एक स्मृति चिह्न भी राज्य सरकार की ओर से प्रदान किया जाएगा।
शैलेश ने तोड़ा विश्व रिकॉर्ड
25 वर्षीय शैलेश कुमार, जिन्होंने 2023 एशियाई पैरा खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था, ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की ऊंची कूद T63 श्रेणी में 1.91 मीटर की छलांग लगाकर विश्व रिकॉर्ड तोड़ा और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
यह सफलता न सिर्फ शैलेश के लिए बल्कि बिहार और पूरे देश के लिए गर्व की बात है। शैलेश की इस उपलब्धि ने यह दिखा दिया है कि कठिन परिश्रम, संकल्प और लगन से कोई भी चुनौती पार की जा सकती है।
राज्य सरकार द्वारा घोषित यह इनाम अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगा और बिहार में खेल संस्कृति को और मज़बूत बनाएगा।