Beardman takes six wickets in ODI debut as Australia beat England by seven wickets
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने अपने वनडे पदार्पण मैच में छह विकेट लेकर इतिहास रचा जिससे ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की शृंखला के पहले मुकाबले में इंग्लैंड को सात विकेट से शिकस्त दी।
बियर्डमैन ने 24 रन देकर छह विकेट झटके और वनडे पदार्पण पर ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज बन गए। उनकी शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान मिचेल मार्श की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 159 गेंद शेष रहते एकतरफा जीत दर्ज की।
इस मुकाबले से पहले पूरे सप्ताह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाली सीमित ओवरों की शृंखला पर वर्ष 2018 के चर्चित 'सैंडपेपरगेट' विवाद (रेगमाल से गेंद की सतह को खुरचने का मामला) की दोबारा चर्चा हावी रही।
टॉस से चार घंटे से भी कम समय पहले ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने सिडनी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसी सप्ताह जारी हुई उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए दावों को 'पूरी तरह बकवास और निराधार' करार दिया।
इक्कीस वर्षीय बियर्डमैन ने हालांकि मैदान पर अपने प्रदर्शन से सुर्खियों का रुख क्रिकेट की ओर मोड़ दिया। उन्होंने अपने आठवें गेंद पर पहला वनडे विकेट हासिल किया और इसके बाद इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाजों को एक के बाद एक पवेलियन भेजते रहे।
उन्हें स्पेंसर जॉनसन (तीन विकेट) और जेवियर बार्टलेट (एक विकेट) का अच्छा साथ मिला, जिससे इंग्लैंड की पूरी टीम 34 ओवर से पहले ही महज 131 रन पर सिमट गई।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेविस हेड के पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट होने के बावजूद शानदार शुरुआत की। मार्श ने महज 30 गेंदों पर 50 रन की आक्रामक पारी खेलकर इंग्लैंड को वापसी का मौका नहीं दिया। कूपर कोनोली ने 27, जोश इंग्लिस ने नाबाद 23 और मैट रेनशॉ ने नाबाद 26 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 23.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 132 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।