आंगनबाड़ी के 50 साल: कुपोषण के खिलाफ जंग में कितनी सफल रही योजना?

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 17-04-2026
50 Years of Anganwadi: How Successful Has the Scheme Been in the Fight Against Malnutrition?
50 Years of Anganwadi: How Successful Has the Scheme Been in the Fight Against Malnutrition?

 

dअल्पना कुमारी

भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है। जिसका समाधान खोजने के उद्देश्य से साल 1975में केंद्र सरकार ने समेकित बाल विकास सेवा योजना की शुरुआत की थी, इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थापना की गई। जिसका मकसद था कि छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रारंभिक शिक्षा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सके। बहुत हद तक यह योजना सफल भी रही है, लेकिन पिछले 50वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी हम यह दावे के साथ नहीं कह सकते हैं कि यह योजना शत प्रतिशत सफल रही है।

इस समय देशभर में लगभग 13.9लाख आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हो रहे हैं, जो दुनिया की सबसे बड़ी प्रारंभिक बाल देखभाल और पोषण व्यवस्था मानी जाती है। यह करीब 8करोड़ से अधिक लाभार्थियों तक सेवाएं पहुंचा रही है।

इस योजना के तहत छह प्रमुख सेवाएं प्रदान की जाती हैं, जिनमें पूरक पोषण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा और जरूरत पड़ने पर रेफरल सेवाएं शामिल हैं। इन सेवाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि बच्चे जीवन के पहले छह वर्षों में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ विकसित हों और गर्भवती महिलाओं को उचित पोषण मिल सके।

दरअसल, भारत में कुपोषण की समस्या लंबे समय से गंभीर रही है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) के अनुसार, आज भी देश में 35.5प्रतिशत बच्चे कम कद, 32.1प्रतिशत कम वजन वाले और 19.3प्रतिशत अत्यधिक दुबले पाए जाते हैं।

fff

ये आंकड़े इस बात की ओर संकेत करते हैं कि समस्या अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है, लेकिन पिछले दशकों में इसमें कुछ सुधार अवश्य हुआ है। यदि पिछले तीन दशकों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो यह स्पष्ट होता है कि आंगनबाड़ी प्रणाली ने कुपोषण की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार लाने में भूमिका निभाई है।

वर्ष 1992-93में जहां बच्चों में कम कद की दर लगभग 52प्रतिशत थी, वहीं 2019-21तक यह घटकर 35.5प्रतिशत रह गई। इसी प्रकार कम वजन वाले बच्चों की संख्या 53.4प्रतिशत से घटकर 32.1प्रतिशत तक पहुंची है।

हालांकि इन उपलब्धियों के बावजूद चुनौतियां भी कम नहीं हैं। कई अध्ययनों से पता चलता है कि आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ सभी जरूरतमंद लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है। देश में आंगनबाड़ी सेवाओं का उपयोग बढ़ा है, लेकिन 2016से 2021के बीच कुपोषण में जो कमी आई, उसमें आंगनबाड़ी सेवाओं का योगदान लगभग 9से 12प्रतिशत ही माना गया है। जो यह दर्शाता है कि योजना ने सकारात्मक प्रभाव डाला है, लेकिन इसे और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

यदि बिहार की बात करें, तो यहां कुपोषण की समस्या देश के कई अन्य राज्यों की तुलना में अधिक गंभीर रही है। एक अध्ययन के अनुसार, बिहार में कई आंगनबाड़ी केन्द्र नियमित रूप से संचालित नहीं हो पाते हैं। तीन जिलों के 200आंगनबाड़ी केन्द्रों पर किए गए सर्वेक्षण में पाया गया कि लगभग 24प्रतिशत केन्द्र निर्धारित समय पर बंद पाए गए और भोजन केवल 59प्रतिशत दिनों में ही वितरित किया गया। इसके अलावा, जिन केंद्रों में भोजन दिया गया, वहां भी औसतन 40बच्चों के स्थान पर केवल 22बच्चे ही उपस्थित थे। इससे स्पष्ट होता है कि योजना की पहुंच और उपयोग में अभी भी सुधार की आवश्यकता है।

dddddd

ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी की स्थिति का वास्तविक आकलन स्थानीय उदाहरणों से बेहतर समझा जा सकता है। सीतामढ़ी जिले के ललितपुर गांव के वार्ड संख्या 5का उदाहरण इस संदर्भ में उल्लेखनीय है। यहां आंगनबाड़ी केन्द्र औपचारिक रूप से संचालित तो हो रहा है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को मिलने वाला पोषण भोजन नियमित नहीं होता और कई बार भोजन की मात्रा भी पर्याप्त नहीं होती। कुछ ग्रामीण महिलाओं के अनुसार, गर्भवती महिलाओं को मिलने वाला पूरक आहार समय पर नहीं मिल पाता, जिससे योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता।

हालांकि, यह भी देखा गया है कि इसी केन्द्र के माध्यम से बच्चों को टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी सेवाओं का लाभ मिला है, जिससे गांव के कई बच्चों का स्कूल में प्रवेश पहले की तुलना में अधिक हुआ है। इस प्रकार यह उदाहरण बताता है कि आंगनबाड़ी पूरी तरह असफल नहीं है, लेकिन इसकी प्रभावशीलता क्षेत्र के अनुसार भिन्न-भिन्न हैI

ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केन्द्र अक्सर बच्चों के लिए शिक्षा का पहला कदम बनते हैं, जहां वे अक्षर ज्ञान और सामाजिक व्यवहार सीखते हैं। यह पहल भविष्य में विद्यालयी शिक्षा की नींव को मजबूत करने में सहायक सिद्ध हुई है।

फिर भी, कई कमियां ऐसी हैं जो इस प्रणाली की प्रभावशीलता को सीमित करती हैं। बिहार के कई आंगनबाड़ी केन्द्रों में आधारभूत सुविधाओं की कमी देखी गई है। कुछ अध्ययनों में पाया गया कि राज्य में केवल 35प्रतिशत आंगनबाड़ी केन्द्रों में ही शौचालय और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, कई केन्द्रों में आवश्यक उपकरण, जैसे वजन मशीन और शिक्षण सामग्री, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। इन कमियों के कारण बच्चों की सही निगरानी और शिक्षा प्रभावित होती है।

हाल के वर्षों में सरकार ने आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई नई पहलें शुरू की हैं। सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण 2.0योजना के तहत देशभर में लगभग 2लाख आंगनबाड़ी केन्द्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की प्रक्रिया चल रही है।

इनमें इंटरनेट सुविधा, डिजिटल उपकरण और स्वच्छ पेयजल जैसी व्यवस्थाएं शामिल की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों को पूर्ण केन्द्रों में परिवर्तित करने की भी योजना बनाई गई है, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।

f

वास्तव मे, आंगनबाड़ी केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के स्वास्थ्य और पोषणयुक्त भविष्य की आधारशिला है। पिछले कुछ दशकों में इस प्रणाली ने कुपोषण को कम करने और बच्चों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन अभी भी इसे शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। यदि प्रशासन, समुदाय और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिलकर जिम्मेदारी निभाएं, तो वह दिन दूर नहीं जब हर गांव में स्वस्थ बच्चे और पोषित माताएं होंगी। तब कहीं जाकर कुपोषण मुक्त भारत का सपना पूरा होगा।

(यह लेखिका के निजी विचार हैं)