ओरेम (अमेरिका),
अमेरिका के उताह में एक कॉलेज में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और जाने-माने रूढ़िवादी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना एक बार फिर अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा को लेकर चिंता का कारण बन गई है।
कार्यक्रम के दौरान हमला
31 वर्षीय किर्क अपने गैर-लाभकारी राजनीतिक संगठन 'टर्निंग पॉइंट यूएसए' द्वारा उताह वैली विश्वविद्यालय के सोरेंसन सेंटर प्रांगण में आयोजित एक बहस में बोल रहे थे। गोलीबारी से ठीक पहले, किर्क एक दर्शक के उस सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें उसने भीड़ पर गोलीबारी और हिंसा के बारे में पूछा था।
तभी, एक अज्ञात हमलावर ने परिसर की एक छत से कुछ दूरी से गोली चलाई। अधिकारियों का कहना है कि हमलावर छात्रों में मची भगदड़ और चीख-पुकार के बीच फरार हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को दो लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन गोलीबारी में उनकी कोई संलिप्तता नहीं पाए जाने पर उन्हें रिहा कर दिया गया।
ट्रंप और गवर्नर ने जताया शोक
इस हत्या के मकसद का पता अभी तक नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना ने विभिन्न विचारधाराओं के लोगों के बीच बढ़ती राजनीतिक हिंसा को लेकर चिंता को बढ़ा दिया है।डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर चार्ली किर्क की मृत्यु की खबर साझा की। ट्रंप ने किर्क की प्रशंसा करते हुए उन्हें "महान व्यक्ति" बताया। किर्क युवा संगठन 'टर्निंग प्वाइंट यूएसए' के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया, "चार्ली से बेहतर अमेरिका के युवाओं को कोई नहीं समझता था और न ही उनसे दिल से जुड़ पाता था।"
उताह के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने इस घटना को "राजनीतिक हत्या" करार दिया। उन्होंने कहा, "यह हमारे राज्य के लिए एक काला और देश के लिए एक दुखद दिन है। मैं इसे स्पष्ट रूप से एक राजनीतिक हत्या ही कहूंगा।"
सोशल मीडिया पर एक वीडियो में देखा जा सकता है कि किर्क एक सफेद टेंट के नीचे माइक हाथ में लेकर बोल रहे थे, तभी एक गोली चली। गोली लगने के बाद उन्हें अपना दाहिना हाथ ऊपर उठाते देखा गया, जबकि उनकी गर्दन के बाईं ओर से काफी खून बह रहा था।