सईद शेरवानी
विदेशों में रहने वाले भारतीयों के लिए हालात तेजी से बदल रहे हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से आ रही खबरें इस बात की गवाही देती हैं कि वहां रह रहे भारतीय मूल के लोगों को किस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान रुकावटें पैदा करना और विरोध प्रदर्शन होना इस बात का साफ़ संकेत है कि पश्चिमी देशों में आप्रवासन विरोधी राजनीति अब जमीन पकड़ रही है। जो लोग दशकों से अपनी मेहनत के दम पर वहां सम्मानजनक जिंदगी जी रहे थे, आज वे खुद को एक असहज स्थिति में पा रहे हैं।
इस पूरी स्थिति के पीछे एक गहरा अंतर्द्वंद्व छिपा है। अगर पीछे मुड़कर देखें तो साफ़ पता चलता है कि एक समय था जब प्रवासी भारतीय अपनी धार्मिक पहचान को अपने कामकाज के बीच नहीं लाते थे। वे चुपचाप मेहनत करते थे, स्थानीय संस्कृति में घुलते मिलते थे और अपने पर्वों को सादगी से मनाते थे। उन्हें एक शांत, मेहनती और कानून का पालन करने वाले समुदाय के रूप में देखा जाता था। स्थानीय समाज के साथ उनका तालमेल बहुत शानदार था।
लेकिन पिछले कुछ वर्षों में चीज़ें बदली हैं। भारत में खुद धार्मिक पहचान को राजनीति के केंद्र में लाया गया। इसके असर से अछूता हमारा प्रवासी समाज भी नहीं रह सका। विदेशों में बसे कई भारतीयों को यह लगने लगा कि वे बहुसंख्यक वर्ग से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्हें लगा कि पहचान की इस राजनीति से वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। वे इस बुनियादी बात को भूल गए कि जब कोई समूह खुद को हर जगह अपनी धार्मिक पहचान से ही जोड़ने लगता है, तो स्थानीय समाज उसे अपने से अलग मानना शुरू कर देता है।
विश्लेषकों का मानना है कि जब प्रवासी समुदाय अपनी संस्कृति के मुखर प्रदर्शन पर ज़ोर देते हैं, तो वहां की स्थानीय राजनीति इसे एक चुनौती की तरह देखने लगती है। ऑस्ट्रेलिया और अन्य पश्चिमी देशों में दक्षिणपंथी ताकतें इसी बात का फायदा उठा रही हैं।
वे इन सांस्कृतिक आयोजनों को स्थानीय संस्कृति के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रही हैं। जो लोग कभी अपनी मूल मातृभूमि की क्रिकेट टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुँचते थे, आज उसी अपनेपन को स्थानीय नेता दोहरी निष्ठा के रूप में पेश करने लगे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम में एक बड़ा सबक छिपा है। कोई भी समुदाय अपनी संस्कृति से प्यार करे, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अपने त्योहार मनाना और अपनी जड़ों से जुड़े रहना सबका अधिकार है। लेकिन जिस देश को आपने अपना नया घर बनाया है, वहां के सामाजिक ताने-बाने और स्थानीय संवेदनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि आप अपने देश में पहचान की राजनीति का समर्थन करते हैं, तो यह उम्मीद करना छोड़ देना चाहिए कि विदेश में उसका असर आप पर नहीं पड़ेगा।

आज जरूरत इस बात की है कि प्रवासी भारतीय इस बदलते हालातों पर गंभीरता से विचार करें। विदेशों में अपनी जगह बनाए रखने के लिए केवल आर्थिक तरक्की काफी नहीं होती, बल्कि स्थानीय समाज के साथ विश्वास और भाईचारे का रिश्ता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी होता है। यदि समय रहते इस दिशा में संतुलन नहीं साधा गया, तो आने वाले दिनों में विदेशों में रह रहे भारतीयों की मुश्किलें और अधिक बढ़ सकती हैं।