उत्तरकाशी में बादल फटने से 9 मज़दूर लापता, यमुनोत्री हाईवे कई जगह बाधित

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 29-06-2025
9 workers missing due to cloudburst in Uttarkashi, Yamunotri Highway blocked at many places
9 workers missing due to cloudburst in Uttarkashi, Yamunotri Highway blocked at many places

 

उत्तरकाशी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के बादल फटने की घटना में सड़क निर्माण कार्य में लगे नौ मज़दूरों के बह जाने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार, बड़कोट क्षेत्र के सिलाई बेंड के पास देर रात भारी बारिश और बादल फटने की सूचना मिली। यह स्थान यमुनोत्री मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित है।

बड़कोट थाना प्रभारी दीपक कथैत ने बताया कि रात करीब 12 बजे के आसपास बादल फटने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां सड़क निर्माण में लगे मज़दूर अस्थायी टेंट में रह रहे थे। आशंका है कि वे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

उन्होंने बताया कि अब तक आठ से नौ लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है, और ये सभी नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

बादल फटने के कारण यमुनोत्री हाईवे सिलाई बेंड समेत कई स्थानों पर बंद हो गया है। जिले के कुठनौर गांव में भारी बारिश से कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, वहीं ओजरी के पास सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। खेतों में मलबा भर गया है।

स्यानाचट्टी क्षेत्र में कपड़ा कुनशाला त्रिखिली मोटर पुल को भी खतरा उत्पन्न हो गया है, जबकि भारी बारिश के चलते यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।