Work underway towards broad, robust partnership in creative sector for artisans: Culture Secretary
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि संस्कृति मंत्रालय कॉरपोरेट घरानों से लेकर रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों तक, विभिन्न तरह के साझेदारों के साथ मिलकर काम करने की दिशा में प्रयास कर रहा है, ताकि इसका लाभ कारीगरों, शिल्पकारों और देश को व्यापक रूप से मिल सके।
उन्होंने ‘‘क्रिएटिव इंडिया: कलेक्टिव पॉसिबिलिटीज’’ विषय पर आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मंत्रालय ऐसे ‘‘व्यावसायिक साझेदारी मॉडल’’ पर भी विचार कर रहा है, जिनसे मुनाफा कमाया जा सके और अंततः उनका उद्देश्य ‘‘सामूहिक हित’’ की पूर्ति करना हो।
मंत्रालय भारत मंडपम में दिनभर चलने वाले इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है, जिसमें सांस्कृतिक संस्थानों, रचनात्मक मंचों और उद्यमियों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि ‘‘भारत की रचनात्मक शक्ति ही उसकी वास्तविक शक्ति है।’’
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में होने वाली चर्चाओं से रचनात्मक अर्थव्यवस्था के लिए एक ऐसा रोडमैप तैयार होना चाहिए, जिसमें ठोस योजनाएं और स्पष्ट परिणाम शामिल हों।
अग्रवाल ने इस बात पर जोर दिया कि मंत्रालय गूगल, यूट्यूब और अन्य संस्थाओं सहित कई संगठनों के साथ पहले ही साझेदारी कर चुका है और अब उसका लक्ष्य इन साझेदारियों को और अधिक गहरा एवं मजबूत बनाना है।