नायडू ने कंपनियों से निवेश समझौतों को जल्द धरातल पर उतारने का किया आग्रह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Naidu urges companies to expedite the implementation of investment agreements
Naidu urges companies to expedite the implementation of investment agreements

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कंपनियों से कारोबारी सम्मेलन में हुए निवेश समझौतों को जल्द से जल्द चालू परियोजनाओं में बदलने का आग्रह किया।

उन्होंने कंपनियों से राज्य के सबसे गरीब परिवारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत खर्च के जरिये अपने पी4 (जनता-निजी-सरकारी भागीदारी) कार्यक्रम का समर्थन करने को भी कहा।
 
‘सीआईआई साझेदारी सम्मेलन’ के दूसरे दिन नायडू ने कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद सरकार मंजूरियां देगी और जमीन आवंटित करेगी, लेकिन निवेशकों को परियोजना के उद्घाटन की तारीख तय करनी होगी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे शिलान्यास या कागजों पर हुए समझौतों में कभी दिलचस्पी नहीं रही। मुझे खुशी तभी होगी जब परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इसलिए गति बहुत, बहुत महत्वपूर्ण है।’’
 
मुख्यमंत्री ने कंपनियों से कामकाज में ‘तेजी का रिकॉर्ड’ बनाने का आग्रह किया।
 
शुक्रवार को यहां 31वें सीआईआई साझेदारी सम्मेलन के दूसरे एवं अंतिम दिन नायडू की मौजूदगी में 11 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इनके तहत 1.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश और 10,472 रोजगार सृजित होने की संभावना है।