केवल विमानन कंपनियां ही नहीं, समग्र विमानन क्षेत्र को भी सतत बदलाव में योगदान देना होगा : एएपीए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Not just airlines, the entire aviation sector must contribute to sustainable change: AAPA
Not just airlines, the entire aviation sector must contribute to sustainable change: AAPA

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
एशिया पैसिफिक एयरलाइंस एसोसिएशन (एएपीए) ने शुक्रवार को कहा कि विमानन उद्योग आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाओं से परेशान है और यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि सतत बदलाव का पूरा बोझ केवल विमानन कंपनियां ही उठाएं।
 
पश्चिम एशिया संकट के कारण विमानन कंपनियों को परिचालन और वित्तीय चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इस संकट से ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं और हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर भी पाबंदियां लगी हैं।
 
एएपीए के महानिदेशक वोंग होंग ने कहा, ‘‘संघर्ष, तेल की आपूर्ति में बाधाएं, वैश्विक व्यापार तनाव और तेजी से बदलती नीतियां हवाई क्षेत्र तक पहुंच, हवाई यातायात के प्रवाह, ईंधन बाजारों और यहां तक कि विमानन कंपनियों के पूरे नेटवर्क के अर्थशास्त्र को बदल रही हैं।’’
 
संगठन के अध्यक्षों की 70वीं सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाएं हमारी सुधार और वृद्धि की महत्वाकांक्षाओं के रास्ते में लगातार परेशानी पैदा कर रही हैं।’’
 
वोंग ने कहा, ‘‘विमानों की आपूर्ति सीमित बनी हुई है। इंजन की उपलब्धता और रखरखाव में आ रही अड़चनें विमानों के बेड़े के इस्तेमाल को प्रभावित कर रही हैं। वहीं, आपूर्ति में लंबे समय तक हो रही देरी से क्षमता की योजना बनाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।’’