Indian Mission working closely with UAE authorities to assist victims of Fujairah accident
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दुबई स्थित भारतीय मिशन ने कहा है कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मारे गए भारतीय लोगों के परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग प्रदान करने के लिए वहां के स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहा है।
‘खलीज टाइम्स’ की खबर के अनुसार, फुजैराह में हुए इस भीषण हादसे में 18 वाहनों और पांच ट्रकों की टक्कर में भारतीयों समेत कम से कम 14 लोगों की जान चली गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए।
दुबई स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘फुजैराह में हुए दर्दनाक सड़क हादसे से हर कोई स्तब्ध है, जिसमें भारतीय नागरिकों सहित कई लोगों की जान चली गई।’’
भारतीय मिशन ने कहा कि उसने ‘‘शोक संतप्त परिवारों से संपर्क किया है और हरसंभव सहायता व सहयोग सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।’’
भारतीय मिशन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ‘‘इस संबंध में अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।’’
‘अरब न्यूज’ की खबर के अनुसार, फुजैराह पुलिस ने बताया कि बुधवार को आधी रात से ठीक पहले फुजैराह के प्रवेश बिन्दु के पास शेख खलीफा बिन जायद रोड पर एक ट्रक चालक ने अपने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
पुलिस के मुताबिक, अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी, फिर वह पलट गया और कई अन्य वाहनों से जा टकराया।
पुलिस ने बताया कि घायलों में से 15 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य 15 लोगों का इलाज जारी है।
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस दुर्घटना में मारे गए लोगों में केरलम के मलप्पुरम जिले के वेंगर के रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।