उज्जैन में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम जारी रहेगा: समिति सदस्य

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-09-2026
Work to remove the affected portion of the Shahi Masjid in Ujjain will continue: Committee member
Work to remove the affected portion of the Shahi Masjid in Ujjain will continue: Committee member

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उज्जैन में मस्जिद समिति के एक सदस्य ने कहा कि मुस्लिम समुदाय 2028 के सिंहस्थ कुंभ मेले के मद्देनजर किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का सम्मान करता है और ऐतिहासिक शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को स्वेच्छा से हटाने का काम मंगलवार को भी जारी रहेगा।
 
नुमाइंदा समिति के सदस्य फहीम सिकंदर ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि स्थानीय प्रशासन, शहर काजी और समिति के पदाधिकारियों के बीच चर्चा के बाद शांतिपूर्ण तरीके से काम करने पर सहमति बनी।
 
उन्होंने कहा कि मस्जिद के एक हिस्से को हटाने के फैसले की जानकारी रविवार रात सभी संबंधित लोगों तक नहीं पहुंच पाने के कारण कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई जिससे सोमवार को पथराव की घटना भी हुई।
 
सिकंदर ने कहा कि मुस्लिम समुदाय सड़क चौड़ीकरण परियोजना का सम्मान करता है और शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने में सहयोग कर रहा है।
 
उन्होंने कहा कि मस्जिद समिति का प्रयास धार्मिक स्थल को यथासंभव सुरक्षित रखने का था, लेकिन सहमति नहीं बन पाने के बाद सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने का फैसला किया गया।
 
सिकंदर ने कहा कि प्रशासन ने शुरुआत में तोड़फोड़ के लिए मशीन और अन्य उपकरण उपलब्ध नहीं कराए थे, इसलिए समुदाय के सदस्यों ने खुद ही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाना शुरू कर दिया।
 
उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए मस्जिद का कितना हिस्सा हटाया जाएगा, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। दीवार के तीन से आठ फुट तक हिस्से को हटाने को लेकर चर्चा जारी है।
 
सिकंदर ने कहा कि वरिष्ठ सदस्यों के साथ चर्चा के बाद यह स्पष्ट किया गया कि काम स्वेच्छा से किया जा रहा है, जिसके बाद स्थिति शांत हो गई।
 
उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना के लिए मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाने में सात से आठ दिन लग सकते हैं और जरूरत पड़ने पर मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि काम मंगलवार सुबह शुरू होगा और पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
 
इस बीच, सोमवार को मध्यप्रदेश के इस शहर में उस समय तनाव फैल गया, जब सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए मस्जिद का एक हिस्सा हटाने के प्रस्ताव के विरोध में भीड़ एकत्र हो गई और उसने पथराव किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।