If BJP returns to power, it will break the back of Bangladeshi 'Miyan' community in Assam: Himanta
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि अगर अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में वापस आता है, तो उनकी सरकार राज्य में बांग्लादेशी ‘मियां’ समुदाय की ‘‘कमर तोड़ देगी।’’
उन्होंने कहा कि सरकार एक ‘‘मजबूत असमिया समाज’’ के निर्माण के लिए काम करेगी और अवैध प्रवासी मूल निवासियों को चुनौती नहीं दे सकेंगे।
लखीमपुर जिले के ढाकुआखाना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘हमने राज्य के मूल निवासियों के लिए बहुत मेहनत की है। जो लोग बांग्लादेश से आकर असम की जमीन और घरों पर अतिक्रमण कर रहे थे, हमने राजनीतिक रूप से उनके हाथ-पैर तोड़ दिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस बार हम बांग्लादेशी मियाओं की कमर तोड़ देंगे, ताकि वे असमिया लोगों के लिए चुनौती बनने की हिम्मत न कर सकें।’’
‘मियां’ मूल रूप से असम में बांग्ला भाषी मुसलमानों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक अपमानजनक शब्द है, और गैर-बांग्ला भाषी लोग आम तौर पर उन्हें बांग्लादेशी अप्रवासी मानते हैं।
बिहपुरिया में एक अन्य रैली में, शर्मा ने अपने अगले कार्यकाल में युवाओं के लिए दो लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया, जबकि 10 लाख युवाओं को उद्यम के लिए दो लाख रुपये प्रति व्यक्ति की सहायता प्रदान की जाएगी।
शर्मा ने कहा कि जहां भाजपा के नेतृत्व वाली निवर्तमान सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही थी, वहीं अगली सरकार बनने पर वह शिक्षा को मुफ्त कर देगी।