आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेपाल में पिछले साल हुए ‘जेन जेड’ विरोध प्रदर्शन के बाद पहले आम चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।
पिछले साल हिंसक ‘जेन जेड’ प्रदर्शन के बाद नेपाल में प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की सरकार गिर गयी थी। ‘जेन जेड’ पीढ़ी से तात्पर्य 1997 से 2012 के बीच पैदा हुए लोगों से है।
इस आम चुनाव में 1.89 करोड़ से अधिक नेपाली मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा की जिन 165 सीट के लिए प्रत्यक्ष मतदान होना है, उनके लिए 3,406 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके अलावा 110 सीट पर अनुपातिक मतदान के जरिए चुनाव होना है जिनके लिए 3,135 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतपेटियां एकत्र किए जाने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने कहा, ‘‘दक्षिणी मैदानी इलाकों, पहाड़ी क्षेत्र और पर्वतीय क्षेत्र सहित सभी निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देशभर में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ।’’