भाजपा नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदयू को खत्म करने की साजिश रच रही है: तेजस्वी यादव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-03-2026
BJP is conspiring to finish off Nitish Kumar and his party JDU: Tejashwi Yadav
BJP is conspiring to finish off Nitish Kumar and his party JDU: Tejashwi Yadav

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को खत्म करने की साजिश रच रही है।
 
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से हटने से संबंधित घटनाक्रम पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने नारा दिया था - ‘2025 से 30 फिर से नीतीश’। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और राजग के घटक दल जानते हैं कि किस प्रकार तंत्र-मंत्र और पूरे सिस्टम का इस्तेमाल कर चुनाव लड़ा गया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘उस समय भी हमने कहा था कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ कर लिया है और उन्हें दोबारा कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे। हमने कहा था कि वे छह महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे। भाजपा जिसके साथ भी रही है, उसे बर्बाद करने का काम किया है। भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है।’’
 
तेजस्वी यादव ने यह टिप्पणी राजद के राज्यसभा उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह के नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान की।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि बिहार में ऐसा नेता रहे जो ओबीसी या दलितों की बात करता हो और वह एक ‘रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री’ चाहती है। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में जो सत्ता परिवर्तन हो रहा है, वह जनभावनाओं के खिलाफ है और लोग भाजपा के चाल-चरित्र को समझते हैं।