अंबरनाथ नगर परिषद चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-12-2025
Voting underway amid tight security for Ambernath Municipal Council elections
Voting underway amid tight security for Ambernath Municipal Council elections

 

आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली

 
मतदाताओं को धन बांटने और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में छेड़छाड़ के आरोपों के बीच ठाणे जिले की अंबरनाथ नगर परिषद के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार सुबह से मतदान जारी है।
 
चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार के कार्यालय पर हुई गोलीबारी की घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
 
पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी के अनुसार, मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। सत्तारूढ़ सहयोगी दल भाजपा और शिवसेना इस चुनाव में आमने-सामने हैं।
 
भाजपा के एक पदाधिकारी और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि शिवसेना ने 200 से अधिक ऐसी महिलाओं को एक बारात घर में ठहराया है जो स्थानीय नहीं हैं और संभवत: फर्जी मतदान कराने के लिए ऐसा किया गया है।
 
पुलिस उपायुक्त (उल्हासनगर मंडल) सचिन गोरे ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बारात घर के अंदर अंबरनाथ से बाहर की 208 महिलाएं पाई गई हैं। पुलिस और निर्वाचन विभाग के कर्मचारी उनके पहचान पत्रों और अन्य दस्तावेज़ों की जांच कर रहे हैं।