मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक विश्व हिंदू कांग्रेस का होगा आयोजन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-10-2026
Vishwa Hindu Congress to be held in Mumbai from December 18 to 20
Vishwa Hindu Congress to be held in Mumbai from December 18 to 20

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
चौथी विश्व हिंदू कांग्रेस का आयोजन मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक किया जाएगा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। आयोजकों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
 
आयोजकों ने बताया कि विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 का विषय ‘‘समानं व्रतं सह चित्तम् (साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प)’’ है। इस आयोजन का उद्देश्य दुनिया भर के हिंदू नेताओं और संस्थाओं को आपस में जुड़ने, विचार-विमर्श करने और सहयोग बढ़ाने के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करना है।
 
आयोजकों की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, तीन दिवसीय सम्मेलन में 60 से अधिक देशों के 4,000 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें हिंदू नेता, विचारक, पेशेवर और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
 
आयोजकों ने बताया कि भागवत सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस दौरान 45 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 150 से ज्यादा वक्ता अपने विचार रखेंगे।
 
उन्होंने बताया कि मुंबई के ‘बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स’ स्थित ‘जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर’ में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में ‘धर्म, समाज, विश्वकर्मा और भाषा’ पर केंद्रित चार विशेष पूर्ण सत्र होंगे।