Uttarakhand: Pre-Independence Era Shrine Demolished for Road Widening in Udham Singh Nagar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में स्थित स्वतंत्रता पूर्व काल का एक मजार शनिवार तड़के सड़क चौड़ी करने के जुड़ी परियोजना के तहत ढहा दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार ‘बेनी मजार’ हल्द्वानी-बरेली मार्ग पर स्थित था और यह रेलवे तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जमीन पर अवैध रूप से बना हुआ था।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने सुबह के समय कार्रवाई करते हुए इस ढांचे को हटाया, जो सड़क चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहा था।
मजार प्रबंधन समिति ने पहले ही स्वेच्छा से इसके एक हिस्से को हटा दिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मजार सभी धर्मों के लोगों के लिए आस्था का केंद्र था, जहां लोग प्रार्थना करने आते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मजार एक पीर से जुड़ा हुआ था, जो ब्रिटिश काल में पास के जंगल में एक झोपड़ी में रहते थे। कहा जाता है कि पीर के निधन के बाद उन्हें रेलवे लाइन के पास दफनाया गया, जिसके बाद वहां मजार का निर्माण किया गया।
हल्द्वानी-बरेली सड़क चौड़ी करने से जुड़ी परियोजना पर काम पहले से जारी है। इसी मार्ग पर स्थित एक काली मंदिर से मूर्तियों को भी हाल ही में निर्माण कार्य के लिए हटाया गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए सभी अवरोधों को नियमों के तहत हटाया जा रहा है।