HP: Director General of Police Reviews Security Arrangements Ahead of President Murmu's Visit to Shimla
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छह दिवसीय शिमला प्रवास से पहले शनिवार को हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
तिवारी ने राष्ट्रपति के ग्रीष्मकालीन प्रवास के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए तैनात किये जाने वाले कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब किसी अति विशिष्ट व्यक्ति का दौरा होता है तो उस दौरान पुलिस व्यवस्था में पेशेवर दक्षता, सटीकता और जवाबदेही के सर्वोच्च मानकों की आवश्यकता होती है।
राष्ट्रपति मुर्मू 27 अप्रैल से दो मई तक वार्षिक ग्रीष्मकालीन प्रवास के हिमाचल प्रदेश में रहेंगी। इस दौरान वह शिमला के अलावा कांगड़ा और लाहौल-स्पीति जिलों का दौरा कर सकती है।
तिवारी ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी ईमानदारी, चौकसी और सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
यहां जारी बयान के अनुसार, अधिकारियों को लक्ष्य के प्रति केंद्रित, सक्रिय और हर स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया। सभी सुरक्षा और संबंधित इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय और वास्तविक समय में संचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने के साथ-साथ कर्मियों से नागरिकों और आगंतुकों के साथ शालीन, तत्पर और अनुकूल व्यवहार करने को कहा।