आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार हुआ, जिसमें विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को शामिल किया गया।
यहां लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी के अलावा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
विधायक भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली।
नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जो संवैधानिक प्रावधान के अनुसार अधिकतम है।
खजान दास देहरादून के राजपुर रोड से विधायक हैं, जबकि भरत सिंह चौधरी रुद्रप्रयाग, मदन कौशिक हरिद्वार, प्रदीप बत्रा रुड़की और राम सिंह कैड़ा भीमताल से विधायक हैं।
चौधरी, बत्रा और कैड़ा को पहली बार मंत्री पद संभालने का अवसर मिला है, जबकि दास और कौशिक पहले भी यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं।