UDF ran a 'campaign of lies' during Kerala Assembly elections: LDF convener Ramakrishnan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक टी पी रामकृष्णन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) ने केरल विधानसभा चुनाव के दौरान अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ झूठ का अभियान चलाया और व्यक्तिगत हमले किए।
इस चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ था।
रामकृष्णन ने दावा किया कि यूडीएफ द्वारा फैलाए गए झूठ को मीडिया संस्थानों ने भी सक्रिय रूप से उठाया और उसे उचित ठहराने की कोशिश की।
उन्होंने दावा किया कि विपक्ष ने सोशल मीडिया पर उनके समेत अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ व्यक्तिगत हमले किए और उनका चरित्र हनन किया गया।
पेराम्ब्रा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले एलडीएफ संयोजक ने कहा कि उन्होंने वामपंथी मोर्चे के 10 वर्ष के शासन के दौरान हुए विकास कार्यों की ही बात की और यह सब स्पष्ट रूप से दिखाई भी देता है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पेराम्ब्रा में करीब 1,950 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए जिन्हें हर कोई देख सकता है।’’
ऐसे ही दावे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता के. सुरेंद्रन ने भी किए।
कझाकुट्टम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार सुरेंद्रन ने आरोप लगाया कि उन्हें खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से साइबर हमलों और सांप्रदायिक अभियान का सामना करना पड़ा।