आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में पांच जुलाई से ‘राम रक्षा’ आंदोलन शुरू करने की शुक्रवार को घोषणा की और लोगों से अयोध्या के प्रतिष्ठित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले में भाजपा को जवाबदेह ठहराने के लिए इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
ठाकरे ने कहा कि रविवार (पांच जुलाई) को वे मध्य मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में एकत्र होंगे, जहां ‘हनुमान स्तोत्र’ और ‘हनुमान चालीसा’ का पाठ करेंगे तथा अयोध्या के राम मंदिर में हुई कथित ‘‘चोरी’’ की जिम्मेदारी लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दबाव बनाएंगे।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं राम मंदिर में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर हुई इस चोरी से आक्रोशित सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे हमारे साथ जुड़ें और इसके लिए भाजपा को जवाबदेह ठहराएं।’’
भाजपा ने शिवसेना (उबाठा) पर पलटवार करते हुए ठाकरे पर पाकिस्तानी एजेंट की तरह बात करने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने कहा कि जिन जगहों पर ठाकरे ‘महा आरती’ करते हैं, उन्हें ‘गोमूत्र’ से ‘‘शुद्ध’’ किया जाना चाहिए।
ठाकरे ने दावा किया कि देशभर में लोग अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन केंद्र और कई राज्यों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जनसरोकारों के मुद्दों के प्रति ‘‘अराजकता’’ और ‘‘उदासीनता’’ का माहौल है।
उन्होंने कहा कि अविभाजित शिवसेना के कार्यकर्ता समेत अनेक हिंदुओं ने राम मंदिर आंदोलन में भाग लिया था और ‘‘कारसेवकों’’ पर हुए अत्याचार, गोधरा ट्रेन कांड, अहमदाबाद दंगे तथा मुंबई सिलसिलेवार बम विस्फोटों जैसी घटनाओं की पीड़ा झेली। लेकिन उनका आरोप है कि भाजपा ने इन घटनाओं का राजनीतिक लाभ उठाया और अब ‘‘बेलगाम सत्ता’’ का आनंद ले रही है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर विपक्षी विधायकों की खरीद-फरोख्त कराने का भी आरोप लगाया और सवाल किया कि क्या सत्तारूढ़ दल ‘‘ऑपरेशन राम मंदिर’’ चला रहा है।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर लगाए जा रहे आरोपों का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि क्या कथित रूप से चोरी किया गया धन विपक्षी नेताओं को अपने पाले में लाने के लिए इस्तेमाल किया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रसिद्ध कथन ‘‘अब हिंदू मार नहीं खाएगा’’ का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने कहा, ‘‘अब मैं कहना चाहता हूं- ‘अब हिंदू माफ नहीं करेगा।’’’