आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एस्सार समर्थित मेसाबी मेटालिक्स के लिए 18 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है।
इसके तहत पूरी तरह एकीकृत अमेरिकी इस्पात कंपनी तैयार की जाएगी। इसमें आयोवा में इस्पात संयंत्र भी शामिल है जिसे ट्रंप ने ‘‘अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा इस्पात संयंत्र’’ बताया है।
इस निवेश में आयोवा में प्रस्तावित 15 अरब डॉलर का इस्पात परिसर और मिनेसोटा में लौह अयस्क की खदान तथा पेलेट बनाने वाली इकाई में करीब तीन अरब डॉलर का निवेश शामिल है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय एवं आवास ‘व्हाइट हाउस’ और कंपनी के अनुसार, इस परियोजना में 2030 तक उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। इसके तहत सालाना करीब एक करोड़ टन इस्पात का उत्पादन होगा और परिचालन शुरू होने के बाद कम से कम 1,750 लोगों को रोजगार मिलेगा।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा, ‘‘आज हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मेसाबी मेटालिक्स आयोवा राज्य में अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा इस्पात संयंत्र बनाएगी।’’
इस दौरान उनके साथ एस्सार समूह के संस्थापक एवं वाइस चेयरमैन रवि रुइया और उनके बेटे एवं मेसाबी मेटालिक्स के चेयरमैन रेवंत रुइया भी मौजूद थे।