आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विशेष रसायन बनाने वाली कंपनी अनुपम रसायन इंडिया ने ब्लिस जीवीएस फार्मा में 48.2 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी 1,750 करोड़ रुपये में खरीद ली है। इसके साथ ही कंपनी तैयार दवा उत्पादों के कारोबार में प्रवेश की दिशा में आगे बढ़ी है।
यह अनुपम रसायन का तीसरा रणनीतिक अधिग्रहण है। इससे पहले कंपनी ने टैनफैक इंडस्ट्रीज और जयहॉक फाइन केमिकल्स का अधिग्रहण किया था।
कंपनी ने मंगलवार को बताया कि नियंत्रक हिस्सेदारी प्रवर्तक/शेयर खरीद समझौते (एसपीए) के तहत 299 रुपये प्रति शेयर की दर से खरीदी गई। इसके अलावा खुली पेशकश और बाजार से कुछ अतिरिक्त शेयर खरीदने के जरिये भी हिस्सेदारी बढ़ाई गई।
अनुपम रसायन ने 23 मई, 2026 को ब्लिस जीवीएस में प्रवर्तक की हिस्सेदारी खरीदने के लिए एसपीए किया था। इसके तहत 5,09,84,595 शेयर (ब्लिस की 47.95 प्रतिशत हिस्सेदारी) की वास्तविक खरीद 28 सितंबर 2026 को हुई।
कंपनी ने 723.28 रुपये प्रति शेयर की दर से 22,50,000 अतिरिक्त शेयर भी खरीदे, जिनकी कुल कीमत 162.74 करोड़ रुपये रही। इसके अलावा 299 रुपये प्रति शेयर की दर से 1,669 शेयर के खुले प्रस्ताव के तहत खाते में शेयर जमा करने की प्रक्रिया पूरी की गई, जिनकी कीमत 4.99 लाख रुपये थी।