आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार में गंडक नदी में बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। नेपाल में भारी बारिश के बाद बगहा में इस नदी का जलस्तर बढ़कर रिकॉर्ड 91.25 मीटर पर पहुंच गया है, जिससे उसके निचले इलाकों में तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी के बाएं किनारे स्थित चंपारण तटबंध के दो हिस्से रात में क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें एक बगहा-एक के खैरटवा और दूसरा बैरिया के फुलियाखाड़ में है।
डब्ल्यूआरडी के अधिकारी ने बताया कि नेपाल में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण वाल्मीकिनगर बैराज से पानी का अत्यधिक प्रवाह हुआ, जिससे नीचे की ओर स्थित तटबंधों पर भारी दबाव पड़ा। पश्चिम चंपारण और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर पानी के तटबंध के ऊपर से बहने और रिसाव आदि की घटनाएं सामने आई हैं।
विभाग के मुताबिक, इस बार वाल्मीकिनगर बैराज से छोड़ा गया पानी वर्ष 2024 में दर्ज अधिकतम 5,62,500 क्यूसेक से थोड़ा कम होने के बावजूद बगहा के गेज स्थल पर नदी का जलस्तर अब तक के उच्चतम स्तर 91.25 मीटर पर पहुंच गया। यह वर्ष 2024 में दर्ज पिछले रिकॉर्ड 90.90 मीटर से 0.35 मीटर अधिक है