अगरतला/कोलकाता
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने गुरुवार को अगरतला शहर में दुर्गा पूजा की भव्य शुरुआत करते हुए कई पूजा पंडालों का उद्घाटन किया। उन्होंने फ्लावर्स क्लब (माथ चौमुहानी), शिव नगर मॉडर्न क्लब, अमरा तरुण दल, गैंडाउस क्लब, सेंट्रल रोड युवा संघ और नेताजी चौमुहानी स्थित नेताजी प्ले सेंटर सहित प्रमुख पंडालों का दौरा किया।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति से आयोजकों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए एकत्र हुए। आयोजकों ने माणिक साहा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति ने त्योहार में नई ऊर्जा और उमंग भर दी।
इधर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के अलीपुर बॉडीगार्ड लाइन्स में एक दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल के योगदान की सराहना करते हुए कहा, "आपके बिना यह दुनिया नहीं चल सकती। आप त्योहारों में घर नहीं जा पाते, आपदा के समय सबसे पहले सेवा में लग जाते हैं। फिर भी कोई शिकायत नहीं करता — आपको सलाम!"
ममता बनर्जी ने पुलिस द्वारा खरीदी गई एक नई एंबुलेंस का नाम ‘सेवाश्री’ रखा और कहा कि यह नाम पुलिस की सेवा भावना को समर्पित है। उन्होंने यह भी बताया कि इस पूजा में पुलिस ने जगन्नाथ धाम को थीम के रूप में प्रस्तुत किया है, जो उनकी रचनात्मकता और समर्पण को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की पुलिस बल में भागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया और याद किया कि जब वे जादवपुर से सांसद थीं, तब अलीपुर क्षेत्र के जलजमाव की समस्या को उन्होंने खुद नाव से आकर देखा था। उन्होंने कहा, "कई लोग सिर्फ आलोचना करना जानते हैं, लेकिन हम रुकते नहीं। गालियां सुनने के बाद भी काम करते हैं।"
इस प्रकार त्रिपुरा से बंगाल तक दुर्गा पूजा की भव्य शुरुआत के साथ उत्सव का माहौल पूरे पूर्वी भारत में जोरों पर है।