Trinamool accuses BJP of misuse of police, seeks time to meet President, Governor
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में कथित ‘‘अराजकता’’ और भाजपा सरकार द्वारा पुलिस के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल आर एन रवि से मुलाकात का समय मांगा है।
तृणमूल के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी ने दोनों संवैधानिक पदाधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल मुलाकात का समय मांगा है।
कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय में बृहस्पतिवार तड़के कथित तोड़फोड़ की घटना के बाद तृणमूल ने राज्य की भाजपा सरकार पर हमला तेज कर दिया।
डेरेक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पुलिस का ‘‘व्यवस्थित तरीके से दुरुपयोग’’ कर रही है और राज्य में ‘‘पूरी तरह अराजकता’’ की स्थिति है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार महीनों से स्थिति लगातार बिगड़ रही है, तृणमूल कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा निशाना बनाया जा रहा है, पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की जा रही है और पुलिस नियमों का पालन नहीं कर रही है।
तृणमूल नेता ने कहा कि पार्टी ने राष्ट्रपति और राज्यपाल दोनों से संपर्क किया है, क्योंकि वह उनके समक्ष राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस मशीनरी के कथित राजनीतिक इस्तेमाल का मुद्दा उठाना चाहती है।