कश्मीर में मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 03-09-2025
Torrential rains in Kashmir cause rivers to overflow, Srinagar-Jammu national highway closed
Torrential rains in Kashmir cause rivers to overflow, Srinagar-Jammu national highway closed

 

श्रीनगर

कश्मीर घाटी में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों और अन्य जल स्रोतों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) को सभी प्रकार के यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में और बारिश की चेतावनी जारी की है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने घाटी भर के सभी स्कूल और कॉलेजों को बुधवार को बंद रखने का आदेश दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, झेलम नदी और इसकी सहायक नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। हालांकि, मंगलवार से शुरू हुई बारिश के बाद दक्षिण और मध्य कश्मीर के कई इलाकों में जलस्तर करीब तीन फुट तक बढ़ गया है।

लगातार भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हुईं, जिससे राजमार्ग को बंद करना पड़ा। साथ ही, कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है।प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।