आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मेघालय में 1901 के बाद वर्ष 2025 अब तक का सबसे गर्म वर्ष दर्ज किया गया जब राज्य का वार्षिक औसत तापमान 20.77 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान राज्य में सामान्य से 43 प्रतिशत कम बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
ये निष्कर्ष आईएमडी के पुणे स्थित जलवायु अनुसंधान एवं सेवा कार्यालय द्वारा मेघालय सरकार के सहयोग से तैयार की गई ‘स्टेटमेंट ऑन क्लाइमेट फॉर मेघालय: 2025’ रिपोर्ट में शामिल हैं। इस रिपोर्ट में वर्ष 1901 से उपलब्ध जलवायु संबंधी आंकड़ों के आधार पर राज्य में तापमान का उतार-चढ़ाव, वर्षा क्रम और मौसम संबंधी प्रतिकूल घटनाओं का विश्लेषण किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 का वार्षिक औसत तापमान 20.77 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1991-2020 के दीर्घकालिक औसत से 0.96 डिग्री अधिक था।
वर्ष के दौरान अधिकांश समय अधिकतम और न्यूनतम, दोनों तापमान सामान्य से ऊपर रहे। वार्षिक न्यूनतम तापमान 1901 के बाद से अब तक का सर्वाधिक रहा, जबकि इस अवधि में तीसरी बार अधिकतम तापमान सर्वाधिक रहा।