झारखंड में चार अप्रैल से आंधी और बारिश की संभावना: आईएमडी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-04-2026
Thunderstorm and rain likely in Jharkhand from April 4 iMD
Thunderstorm and rain likely in Jharkhand from April 4 iMD

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 


 
 झारखंड के 14 जिलों में चार अप्रैल से गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को एक बुलेटिन में कहा कि चार और पांच अप्रैल को कुछ जिलों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
 
इसमें कहा गया है, "झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में चार और पांच अप्रैल को गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।"
 
विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि तूफान से प्रभावित होने वाले जिले गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, खूंटी, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और गुमला हैं।
 
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।
 
हालांकि, बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य के उत्तरपूर्वी और दक्षिणपूर्वी हिस्सों में दो से चार अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
 
बुधवार शाम 5:30 बजे तक राज्य में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
 
राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद जमशेदपुर में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
 
बुलेटिन में बताया गया है कि डाल्टनगंज में 36.8 डिग्री सेल्सियस और रांची में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।