Three youths eating by the roadside in Bijnor died after being struck by a speeding car.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिजनौर जिले के नजीबाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार की चपेट में आने से सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन से पंजाब के तीन युवक उत्तराखंड के रुद्रपुर से घोड़े लेकर पंजाब जा रहे थे और बृहस्पतिवार/शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग साढ़े बारह बजे नजीबाबाद कोतवाली क्षेत्र के बशीरपुर नहर पटरी मार्ग पर वे खाना खाने के लिए रुके।
सिंह ने बताया कि सरदार मनदीप (25), अर्शदीप (29) और गगनदीप (24) अपना वाहन रोककर सड़क किनारे खाना खाने लगे, तभी हरिद्वार की दिशा से आ रही तेज गति कार ने तीनों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि तीनों की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार गगनदीप पटियाला तथा अर्शदीप और मनदीप फिरोजपुर के रहने वाले थे। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। हालांकि, कार चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
एएसपी ने बताया कि पुलिस चालक की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।