उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत, तीन अन्य घायल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-05-2026
 three others injured after slab of under-construction bridge collapses in Hamirpur
three others injured after slab of under-construction bridge collapses in Hamirpur

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रमिक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
 
पुलिस के अनुसार, यह घटना तड़के करीब तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र में हुई, जब परसनी और कुरारा कंदौर गांव के बीच निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया।
 
अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक स्लैब गिर गया।
 
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद पिलर के नीचे फंसकर घायल हो गए।
 
अधिकारियों ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
लालपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मलबा हटाकर यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति तो हताहत नहीं है।
 
हमीरपुर के जिला अधिकारी अभिषेक गोयल ने संवाददाताओं को बताया कि दो वर्ष पहले शुरू हुई इस परियोजना का निर्माण कार्य एक निजी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था और श्रमिकों के लिए सुरक्षा के सभी उपाय निर्माण स्थल पर किए गए थे।