Those who steal offerings to Ram temple will get cancer and die a painful death: BJP MLA
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उन्नाव जिले की पुरवा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अनिल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे के कथित गबन में शामिल लोगों को ‘‘कैंसर होगा’’ और वे ‘‘दर्दनाक मौत मरेंगे।’’
भाजपा विधायक ने यह कथित टिप्पणी रविवार को मौरावां में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान की।
वीडियो में सिंह कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘‘जिन लोगों ने भगवान राम के मंदिर से चोरी की है, उन्हें सीधे कैंसर हो जाएगा। यह भगवान की ओर से मौत की सजा होगी। एक साल तक इंतजार करें, उन्हें कैंसर हो जाएगा।’’
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी और ‘‘भगवान राम उन्हें ऐसी सजा देंगे कि वे दर्दनाक मौत मरेंगे और उनकी अगली सात पीढ़ियां भी मंदिर से चोरी के परिणाम को याद रखेंगी।’’
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं का मामला पहले से ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। हेराफेरी के आरोपों के बाद मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।