There is a huge shortage of professionals in the semiconductor sector globally : Vaishnav
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में दुनिया भर में 10 लाख पेशेवरों की कमी का अनुमान है और देश के आईटी उद्योग को इस मौके का फायदा उठाना चाहिए।
आईटी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेमीकंडक्टर उद्योग पर खास जोर देने की वजह से, अभी 12 संयंत्र अलग-अलग चरण में हैं, और उनमें से तीन में चिप बनाने का काम शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि जापान, अमेरिका और यूरोप को चिप निर्यात किए जा रहे हैं।
केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री वैष्णव ने कहा, ‘‘लोग कहते हैं कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में दुनिया भर में लगभग दस लाख पेशेवरों की कमी है।’’
उन्होंने कहा कि देश का आईटी उद्योग इस मौके का बड़े पैमाने पर फायदा उठा सकता है, क्योंकि उसे पता है कि कैसे इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी क्षेत्र में पूरी तरह से नए समाधान डिजाइन और विकसित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि उद्योग को समर्थन देने के लिए केंद्र ने 315 विश्वविद्यालयों को सबसे आधुनिक सेमीकंडक्टर ‘डिजाइन टूल’ उपलब्ध कराए हैं।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात, देश में निर्यात के मामले में तीसरी सबसे बड़ी श्रेणी बन गया है, जबकि मोबाइल फोन भारत से सबसे बड़ी संख्या में निर्यात हो रहे हैं।