The reason for the absence of heavy crowds at Sabirmala is better crowd management system: TDB Chairman
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के अध्यक्ष के. जयकुमार ने बुधवार को कहा कि शबरिमला मंदिर में पहले जैसी अत्यधिक भीड़ नहीं दिखने का कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं, बल्कि मंदिर में लागू किए गए प्रभावी भीड़ प्रबंधन उपाय हैं।
टीडीबी अध्यक्ष ने कहा कि लोग शबरिमला मंदिर में भारी भीड़ देखने के आदी हैं, लेकिन इस बार भीड़ कम दिखाई देने का मतलब यह नहीं है कि कोई समस्या है या मौजूदा तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालु कम संख्या में पहुंच रहे हैं।
जयकुमार ने बताया कि मंगलवार के लिए वर्चुअल कतार और मौके पर बुकिंग के माध्यम से दर्शन का पंजीकरण कराने वाले सभी 80,000 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे।
हालांकि, उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या की समीक्षा की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वर्चुअल कतार के माध्यम से बुकिंग कराने वाले श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं या नहीं।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यदि ऐसा पाया जाता है कि बुकिंग कराने वाले श्रद्धालु दर्शन के लिए नहीं आ रहे हैं, तो हम मौके पर बुकिंग की संख्या बढ़ाने पर विचार करेंगे। फिलहाल हम इसे बढ़ाने की स्थिति में नहीं हैं।’’
जयकुमार ने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, निलक्कल और पंबा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कैमरों की तैनाती तथा श्रद्धालुओं के निर्धारित समय पर पहुंचने के कारण मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि पहले के मुकाबले अब बिना अग्रिम बुकिंग के मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी कम हुई है।