प्रधानमंत्री और गृहमंत्री बार-बार तमिलनाडु आते हैं, लेकिन यहां के लिए धन नहीं देते : उदयनिधि

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-03-2026
The Prime Minister and the Home Minister visit Tamil Nadu repeatedly, but do not provide funds for the state: Udhayanidhi
The Prime Minister and the Home Minister visit Tamil Nadu repeatedly, but do not provide funds for the state: Udhayanidhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ‘बार-बार’ राज्य के दौरों पर कटाक्ष करते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि वे राज्य सरकार की ओर से मांगी जा रही राशि आवंटित करने से इनकार करते रहे हैं।
 
उदयनिधि ने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने राज्य के लिए कोई बड़ी परियोजना नहीं दी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तमिलनाडु से भाजपा को ‘बाहर निकाल दें’।
 
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि ने हरूर क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार के ए षणमुगम के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लगातार तमिलनाडु का दौरा कर रहे हैं, लेकिन वे हमें न तो कोई परियोजना दे रहे हैं और न ही वह धनराशि जो हम मांग रहे हैं। भाजपा को तमिलनाडु से बाहर कर देना चाहिए।’’
 
उदयनिधि ने कहा कि हालांकि द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को 2021 के चुनाव में हरूर सीट पर (अन्नाद्रमुक से) हार मिली थी, लेकिन पार्टी ने निर्वाचन क्षेत्र में विकास की अनदेखी नहीं की और 400 करोड़ रुपये की सड़क अवसंरचना परियोजनाएं, सरकारी अस्पतालों में नए भवन, पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें बनवाई, मंदिर शहर का विकास सुनिश्चित किया और निर्वाचन क्षेत्र में छह करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई की स्थापना की।
 
द्रमुक की युवा इकाई के नेता ने कहा, ‘‘पिछली बार हम हरूर सीट हार गए थे। हमें वही गलती नहीं दोहरानी चाहिए। इस बार हमें बड़ी जीत सुनिश्चित करनी होगी। इसलिए, निर्वाचन क्षेत्र में और अधिक विकास के लिए षनमुगम को विधानसभा भेजें।’’
 
पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने कहा, ‘‘तमिलनाडु विकास में अग्रणी है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दोहरे अंकों की आर्थिक वृद्धि हासिल कर रहा है। केंद्र सरकार का समर्थन न मिलने के बावजूद स्टालिन ही विकास को गति दे रहे हैं। क्या वे (केंद्र) हमें वह धनराशि या परियोजनाएं दे रहे हैं जिनकी हम मांग कर रहे हैं? लेकिन हमारे मुख्यमंत्री जनता के हित में काम कर रहे हैं।’’