आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री नेता बी एस येदियुरप्पा ने कर्नाटक में विधानसभा उपचुनाव वाले दो निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं से मंगलवार को यह कहते हुए कांग्रेस को हराने की अपील की कि सत्तारूढ़ पार्टी के पास ‘प्रचंड बहुमत’ है एवं उपचुनाव में जीत उसे सत्ता के नशे में चूर होकर और अधिक भ्रष्टाचार करने का मौका देगी।
बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में नौ अप्रैल को उपचुनाव होंगे। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच वाई मेती और शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के बाद ये उपचुनाव कराये जा रहे हैं।
येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘आज और कल, मैं दावणगेरे में अपने (भाजपा) उम्मीदवार श्रीनिवास के लिए प्रचार करूंगा। पांच और छह अप्रैल को, मैं बागलकोट में अपने उम्मीदवार चरंतिमठ के लिए प्रचार करूंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे उम्मीदवार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भारी अंतर से जीतेंगे।’’
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि कर्नाटक में भ्रष्टाचार चरम पर है और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया जनकल्याण को भूल चुके हैं एवं राज्य में एक ऐसा प्रशासन चला रहे हैं जो ‘तुगलक दरबार’ जैसा है।