The opposition staged a theatrical performance of "fund theft" in Parliament, with Pappu Yadav dressed as a priest.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विपक्ष के नेताओं ने शुक्रवार को संसद परिसर में अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को नाट्यकला के माध्यम से दर्शाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और इस मामले पर संसद में चर्चा कराने तथा जवाबदेही तय करने की मांग की।
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी का वेश धारण करके संसद भवन के ‘मकर द्वार’ के सामने ‘दान पेटी’ के साथ बैठे थे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई नेता उस ‘दान पेटी’ में पैसे डालने के लिए गए तो पप्पू यादव ने पैसे अपनी जेब में डाल लिए और यह दर्शाने का प्रयास किया कि इसी तरह से राम मंदिर के चढ़ावे को चुराया गया था।
इसके बाद कई विपक्षी सदस्यों ने ‘चोर-चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ कहते हुए पप्पू यादव को घेर लिया।
फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, ‘‘आज यह मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह कहा जा सकता है कि इस लड़ाई की शुरुआत अखिलेश यादव ने की थी, और इसे आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है, जो हमें अयोध्या की जनता ने सौंपी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अयोध्या मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन भूमि है। यदि अयोध्या का अपमान हुआ है, तो हम इस मुद्दे को पूरी दृढ़ता के साथ उठाएंगे। हम इसे संसद में भी उठाएंगे और इस पर चर्चा की मांग भी करेंगे।’’
विपक्षी सदस्यों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भी संसद परिसर में नारेबाजी की और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की।