राजग सरकार ने बिहार की महिलाओं के साथ विश्वासघात किया: तेजस्वी यादव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-04-2026
The NDA government has betrayed the women of Bihar: Tejashwi Yadav
The NDA government has betrayed the women of Bihar: Tejashwi Yadav

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है और झूठे वादों के जरिए उनकी भावनाओं का फायदा उठाया है।
 
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने यहां जारी एक बयान में कहा कि विधानसभा चुनाव में हार की आशंका होते ही राजग सरकार ने मतदान के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए महिलाओं और जीविका दीदियों के बैंक खातों में 10 हजार रुपये भेजे।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि लाभार्थियों को डराया-धमकाकर कहा गया कि मतदान केंद्रों पर कैमरे लगे हैं तथा यदि एक विशेष पार्टी के पक्ष में मतदान नहीं किया गया तो खातों में भेजी गई राशि वापस ले ली जाएगी।
 
यादव ने कहा कि महिलाओं को यह भी आश्वासन दिया गया था कि चुनाव के बाद दो लाख रुपये की अगली किश्त छह महीने में उनके खातों में भेज दी जाएगी, लेकिन अब छह महीने बीत जाने के बाद भी ऐसा नहीं हुआ।
 
उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद इस योजना में पहले से पंजीकृत 18 लाख महिलाओं को पहली किश्त नहीं मिली, जबकि 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों और अन्य महिलाओं को दूसरी किश्त भी नहीं दी गई।
 
राजद नेता ने आरोप लगाया कि केवल चुनावी लाभ लेने के लिए राजग ने बिहार की महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की है तथा उनके परिवारों के वर्तमान व भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।