आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि पहलवानों से जुड़ा मामला केवल ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ तक सीमित था और इससे अधिक कुछ नहीं था।
गोंडा जिले के नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित 'सत्यमेव जयते' सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ''मैंने किसी की साड़ी खींचने का काम नहीं किया। मेडल पहनाते समय छुआ जाने (टच हो जाना) पर तूफान खड़ा कर दिया गया। मेरे खिलाफ लगाया गया आरोप राजनीति से प्रेरित है।''
उन्होंने कहा, ''यदि मैं इस प्रकरण में झुक जाता तो मामला खत्म हो जाता, लेकिन मेरे किरदार का कत्ल हो जाता।''
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद ने दावा किया कि दुनिया में यौन उत्पीड़न के किसी मामले को लेकर इतना बड़ा आंदोलन कभी नहीं हुआ होगा।
उन्होंने कहा, ''अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ भी ऐसा आंदोलन नहीं हुआ और दुनिया के किसी भी बलात्कार के आरोपी के खिलाफ भी इस तरह का आंदोलन नहीं हुआ।''